राजद विधायक विजय सम्राट लगातार अपने क्षेत्र में महिला सम्मान से जुड़े कार्यक्रम कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने शनिवार को नगर परिषद क्षेत्र के बंगाली पर स्थित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। यह भवन लगभग 15 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ है।
महिलाओं का गर्मजोशी से स्वागत
उद्घाटन के बाद विधायक विजय सम्राट वार्ड संख्या 4, बड़ी दरगाह और शकुन्नत मोहल्ला पहुंचे। यहां आयोजित महिला सम्मान समारोह में स्थानीय महिलाओं ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया।
महिलाओं को किया सम्मानित
समारोह के दौरान विधायक ने महिलाओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा,
“महिलाएं समाज की रीढ़ होती हैं। जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तभी समाज और राष्ट्र मजबूत होता है।”
“महिलाओं को सम्मान देना जिम्मेदारी”
विजय सम्राट ने कहा कि महिलाओं को सम्मान देना केवल कर्तव्य ही नहीं बल्कि सामाजिक ज़िम्मेदारी है। इसी सोच के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
चिराग पासवान पर सीधा हमला
समारोह के दौरान विधायक ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा—
“चिराग पासवान तीन बार जमुई से सांसद रह चुके हैं—दो बार खुद और एक बार अपने जीजा अरुण भारती के जरिए। लेकिन अब तक वह बिहार में एक भी फैक्ट्री नहीं लगवा पाए।”
कार्यक्रम में कई नेता रहे मौजूद
इस मौके पर नगर परिषद की उप सभापति सोनी देवी, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन गंगा कुमार यादव, राजद जिलाध्यक्ष संजय सिंह, युवा जिलाध्यक्ष विनय कुमार यादव, वरिष्ठ नेता वाहिद खान, जेवीएम कंपनी के डायरेक्टर संतोष यादव, कोषाध्यक्ष शम्भु यादव और अखिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।